![]() |
| ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। Up to Date |
कैथल। विदेश भेजने का झांसा देकर आमजन से ठगी करने वालों के खिलाफ जिला पुलिस ने सख्त रुख अपनाया हुआ है। पुलिस अधीक्षक उपासना के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत इकोनॉमिक सेल की टीम ने सिंगापुर भेजने के नाम पर 3 लाख 67 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
इकोनॉमिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश के नेतृत्व में एएसआई रोहताश सिंह की टीम ने गांव बारणा, जिला कुरुक्षेत्र निवासी सुनील रंगा को काबू किया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव हरसौला निवासी राजबीर सिंह ने शिकायत दी थी कि उसके बेटे की दोस्ती आरोपी सुनील रंगा से थी। आरोपी ने खुद को और अपने साथी दिनेश को विदेश भेजने का काम करने वाला बताया और दावा किया कि लुधियाना में उनका ऑफिस है। उसने सिंगापुर भेजने की पूरी व्यवस्था कराने और करीब 3.50 लाख रुपये खर्च होने की बात कही।
आरोपी की बातों पर विश्वास कर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग तिथियों में फोन-पे और बैंक ट्रांसफर के जरिए पैसे भेजे। 10 फरवरी 2025 को 25 हजार रुपये, 13 फरवरी को 10 हजार रुपये, 4 अप्रैल को 20 हजार रुपये, 29 अप्रैल को 52 हजार रुपये तथा 15 व 16 अप्रैल को बैंक खाते में एक-एक लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा टिकट, कपड़े, टैक्सी और अन्य खर्चों के नाम पर भी हजारों रुपये वसूले गए।
इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता को फर्जी टिकट थमा दिए और कई बार फ्लाइट होने का झूठा दावा करता रहा। कभी वीजा आने का बहाना बनाया तो कभी फ्लाइट कैंसिल होने की बात कही। जब टिकट की जांच करवाई गई तो वे नकली निकले। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने धमकियां देना शुरू कर दिया और फोन उठाना बंद कर दिया।
शिकायत के आधार पर थाना तितरम में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 लाख 27 हजार रुपये बरामद किए। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि विदेश भेजने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसे देने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें और किसी भी प्रकार की ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

0 टिप्पणियाँ