![]() |
| Gold Silver Price Today |
देश के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। बीते कई दिनों से रिकॉर्ड ऊंचाई पर चल रहे कीमती धातुओं में अचानक आई इस गिरावट से निवेशकों में हलचल मच गई। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, यह गिरावट मुनाफावसूली और शॉर्ट सेलिंग का नतीजा है।
सुबह के कारोबार में एमसीएक्स (MCX) पर चांदी के भाव में भारी गिरावट देखने को मिली। चांदी करीब 67 हजार रुपये यानी 17 प्रतिशत तक टूट गई। इससे 1 किलो चांदी का भाव गिरकर 3.32 लाख रुपये तक आ गया। हालांकि, बाद में बाजार में थोड़ी रिकवरी देखने को मिली और समाचार लिखे जाने तक चांदी 12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3.51 लाख रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी।
इसी तरह सोने की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई। एमसीएक्स पर 10 ग्राम सोने का भाव सुबह के कारोबार में 15 हजार रुपये यानी करीब 9 प्रतिशत तक टूट गया और यह 1.54 लाख रुपये तक आ गया। बाद में थोड़ी रिकवरी के बाद सोना 3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1.64 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले यानी गुरुवार शाम को चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो का ऑल टाइम हाई स्तर छू लिया था। वहीं, सोना भी 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। लगातार तेजी के बाद अचानक आई इस गिरावट ने बाजार की दिशा बदल दी।
मुनाफावसूली बनी गिरावट की बड़ी वजह
बाजार के जानकारों का कहना है कि सोने और चांदी में पिछले कई दिनों से जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही थी। कीमतें रोज नए रिकॉर्ड बना रही थीं। ऐसे में निवेशकों ने अपने मुनाफे को सुरक्षित करने के लिए बिकवाली शुरू कर दी, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ा।
विशेषज्ञों के अनुसार, जैसे ही बिकवाली शुरू हुई, वैसे ही शॉर्ट सेलर्स बाजार में सक्रिय हो गए। खासतौर पर चांदी में शॉर्ट सेलिंग बढ़ने से कीमतों में तेज गिरावट आई। कुछ ही हफ्तों में चांदी 3 लाख रुपये से बढ़कर 4 लाख रुपये के पार पहुंच गई थी, जिससे मुनाफावसूली स्वाभाविक मानी जा रही है।
विदेशी मुद्रा भंडार 709 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर
देश का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8.053 अरब डॉलर बढ़कर 709.413 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यह लगातार दूसरा सप्ताह है जब विदेशी मुद्रा भंडार में जोरदार वृद्धि दर्ज की गई है।
इससे पहले वाले सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में 14.167 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी। इस तरह केवल दो सप्ताह में ही भंडार में 22.22 अरब डॉलर का इजाफा हो चुका है। इससे पहले विदेशी मुद्रा भंडार का उच्चतम स्तर 27 सितंबर 2024 को 704.885 अरब डॉलर दर्ज किया गया था।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह में देश के स्वर्ण भंडार में 5.635 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई और यह 123.088 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में लगातार तेजी के कारण भारत के स्वर्ण भंडार में भी इजाफा हुआ है।

0 टिप्पणियाँ