![]() |
| up to date |
सिरसा। राजस्थान की सीमा से सटे सिरसा जिले के ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव नीमला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां हरियाणा पुलिस भर्ती के फिजिकल तैयारी कर रहे एक युवक की दौड़ लगाते समय हार्ट अटैक आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय सुरेश पुत्र पृथ्वीराज के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेश मंगलवार शाम करीब सवा छह बजे गांव के स्टेडियम में रोज की तरह दौड़ लगाने गया था। वह इन दिनों हरियाणा पुलिस भर्ती के लिए कड़ी मेहनत कर रहा था। दौड़ के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है, वहीं ठंड के मौसम को भी इसकी एक वजह माना जा रहा है।up to date
तीन बहनों का ईकलौता भाई था सुरेश
सुरेश अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। उसकी असामयिक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। माता-पिता बुजुर्ग हैं और बेटे की मौत से उन्हें गहरा सदमा लगा है। गांव में जैसे ही सुरेश की मौत की खबर फैली, लोगों की भीड़ उसके घर पहुंच गई और हर आंख नम हो गई। गांव के सरपंच महेश कुमार ने बताया कि सुरेश पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी काफी आगे था। उसने चौधरी मनीराम झोरड़ राजकीय कॉलेज, ऐलनाबाद से ग्रेजुएशन की थी। कॉलेज के दौरान वह बॉक्सिंग का खिलाड़ी रहा और जिला स्तर तक प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका था। खेल के प्रति उसका जुनून हमेशा से रहा और वह नियमित रूप से जिम भी जाता था।up to date
हरियाणा पुलिस के फिजीकल की तैयारी कर रहा था मृतक युवक
सरपंच बृजलाल ने बताया कि सुरेश उनके रिश्तेदारों में से था और बुधवार को गांव में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बेटे की चिता को अग्नि देते समय परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। सुरेश की मौत न सिर्फ उसके परिवार, बल्कि पूरे गांव के लिए एक बड़ा झटका है। गांव के लोग इसे एक होनहार युवक की असमय मौत बता रहे हैं, जिसने अपने सपनों को पूरा करने से पहले ही दुनिया को अलविदा कह दिया। सुरेश सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहता था और अपने लक्ष्य को लेकर बेहद गंभीर था। उसने सीईटी परीक्षा दी थी, जिसमें उसे 70 अंक प्राप्त हुए थे। हाल ही में हरियाणा पुलिस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई थी, जिससे वह काफी उम्मीद लगाए बैठा था। इसी लक्ष्य को पाने के लिए वह लगातार फिजिकल और लिखित दोनों तरह की तैयारी कर रहा था। up to date

0 टिप्पणियाँ