![]() |
| दो अवैध पिस्तौलों सहित गिरफ्तार |
सिरसा। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के दिशा-निर्देशानुसार अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गांव कंगनपुर से एक युवक को दो अवैध पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मबीर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव कंगनपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव की तरफ से एक युवक आता हुआ दिखाई दिया।
युवक ने जैसे ही पुलिस वाहन को देखा, वह अचानक मुड़कर गांव की ओर भागने लगा। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को काबू कर लिया। पूछताछ में युवक की पहचान रवि सिंह उर्फ माना पुत्र रूड़ सिंह, निवासी गांव कंगनपुर के रूप में हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर और 32 बोर के दो अवैध पिस्तौल बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर सिरसा में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

0 टिप्पणियाँ