फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में चल रहे सूरजकुंड मेले में शनिवार शाम को एक झूला गिर गया। झूला गिरने से हुए हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घायलों का निजी और बादशाह खान सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद डीसी आयुष सिन्हा घटनास्थल पर पहुंचे और घटना का जायजा लेते हुए मेला ग्राउंड को खाली कराया गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें झूला ऊपर से नीचे आते समय गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद मेले में भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
डीसी ने दिए जांच के आदेश
डीसी ने कहा- मामले की जांच के आदेश दिए हैं। लापरवाही बरतने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पलवल में चांदहट थाने के एसएचओ जगदीश प्रसाद की झूले की चपेट में आने से मौत हो गई। गौरतलब है कि 39वां अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला 31 जनवरी को शुरू हुआ था, जिसका उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किया। यह मेला 15 फरवरी तक चलेगा। इसमें भारत के 30 राज्यों के लगभग 1150 कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। साथ ही 46 देशों के कलाकार भी पहुंचे हैं।
घटना के बाद सामने आए चश्मदीद की 2 बातें
झूला गिरते ही लोगों में मच गई अफरा-तफरी
सूरजकुंड मेले में दुकानदार और चश्मदीद राघव ने बताया कि वे कस्टमर अटेंड कर रहे थे। कि अचानक झूला नीचे आकर गिर गया। अटके हुए झूले पर लोग चिल्लाने लगे। वे लोगों को बचाने के लिए झूले पर चढ़ गए और धीरे-धीरे 7 से 8 लोगों को नीचे उतार लिया। इसके बाद वे भी नीचे आ गए। राघव ने आगे बताया कि तभी अचानक झूला और नीचे आकर गिरा। उनके ऊपर भी रेलिंग गिरी, जिससे उनके कंधे पर मामूली चोट आई। इसके बाद पुलिसकर्मी भी बचाव में लग गए। वहां खड़े एक इंस्पेक्टर भी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की टीमें आ गईं और वहां का एरिया खाली करा लिया गया।
डीसी बोले- वेंडर की लापरवाही की जांच होगी
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि घटना में 13 लोग घायल हुए हैं। 9 लोगों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 3 लोगों का बादशाह खान सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। लोगों को बचाते हुए हमारे एक पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की जान चली गई, जो पलवल में पोस्टेड थे। फिलहाल उनकी मेला ग्राउंड में ड्यूटी थी। इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। टूरिज्म विभाग द्वारा डेली इंस्पेक्शन रिपोर्ट बनाई जा रही थी। वेंडर की लापरवाही की जांच की जाएगी और दोषी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा।
ड्यूटी दे रहे इंस्पेक्टर की मौत
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक, एम्यूजमेंट पार्क में झूले के पास ड्यूटी दे रहे पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की झूला गिरने से हुए हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि झूला पहले बायीं तरफ गिरता दिखा। हादसे को भांपते हुए इंस्पेक्टर जगदीश ने जैसे ही वहां खड़े लोगों को हटाने की कोशिश की तो झूला एकाएक दायीं तरफ झूक गया और झूले और प्लेटफॉर्म के बीच में इंस्पेक्टर की गर्दन आ गई।

0 टिप्पणियाँ