नाथूसरी-चोपटा: 17वीं एथलेटिक मीट में रोमांचक मुकाबले, खुशीराम और साक्षी बने बेस्ट एथलीट
चोपटा। चौधरी देवीलाल राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, नाथूसरी-चोपटा में आयोजित 17वीं एथलेटिक मीट के दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में छात्रों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया तथा शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लड़कों की श्रेणी में खुशीराम और लड़कियों की श्रेणी में साक्षी को बेस्ट एथलीट का खिताब दिया गया।
खेल इंचार्ज दिलबाग झोरड़ ने बताया कि एथलेटिक मीट के दूसरे दिन लड़कों की 5000 मीटर, 800 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया। इन सभी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरी मेहनत और लगन के साथ हिस्सा लिया। खास तौर पर खुशीराम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उन्होंने 5000 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा 500 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ और 800 मीटर दौड़ में भी उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें प्रतियोगिता का बेस्ट एथलीट घोषित किया गया। लड़कों की प्रतियोगिता में नितिन दूसरे स्थान पर रहे, जबकि गोपाल कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं लड़कियों की प्रतियोगिता में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। शानदार प्रदर्शन करते हुए साक्षी ने पहला स्थान हासिल किया और उन्हें बेस्ट एथलीट के खिताब से सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में खुशी ने दूसरा स्थान और पलक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले लड़के और लड़कियों को क्रमशः 7100 रुपये, 5100 रुपये और 3100 रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। संस्थान के प्राचार्य विवेक कुमार वोहरा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण भागीदारी होती है। खेलों से छात्रों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है।
एथलेटिक मीट का आयोजन दिलबाग झोरड़, डॉ. संदीप कुमार, मंजू बाला और प्रमिला की देखरेख में किया गया। इस मौके पर एचओडी राजेंद्र शर्मा, अभिषेक सागर, अंजू गर्ग, विपिन आहूजा, आशीष शर्मा, ममता रानी, वर्कशॉप सुपरिंटेंडेंट कृष्ण कुमार सहित संस्थान के कई स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सभी ने खिलाड़ियों की सराहना की।

0 टिप्पणियाँ