![]() |
| बेटी के जन्म पर कुआं पूजन करते परिजन। |
जुलाना क्षेत्र के गतौली गांव में बेटी के जन्म पर अनोखी पहल देखने को मिली। किसान अनित के घर 55 वर्षों बाद बेटी के जन्म पर पूरे विधि-विधान से कुआं पूजन किया गया। इस अवसर पर ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी मनाई गई और पूरे गांव को भोज करवाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और परिवार को बधाई दी। परिवार के मुखिया अनित ने बताया कि उनके घर में 55 साल बाद बेटी का जन्म हुआ है। इससे पहले उनके घर में उनकी बुआ का जन्म हुआ था। उन्होंने कहा कि वे लड़का और लड़की में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं मानते और अपनी बेटी की परवरिश बेटों की तरह करेंगे। उनके अनुसार बेटियां भी हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं, जरूरत है तो सिर्फ सही परवरिश और अवसर देने की। बच्ची की मां स्वीटी ने कहा कि आज के समय में लड़का और लड़की में कोई अंतर नहीं है। फर्क केवल सोच और मानसिकता का है। उन्होंने कहा कि लड़कियां पढ़ाई, खेल, नौकरी और हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत साबित कर रही हैं। समाज को चाहिए कि बेटियों को बराबरी का दर्जा देें।
बेटों से आगे निकल रही बेटियां: नरेश ढांडा
कार्यक्रम में उपस्थित ढांडा खाप के पूर्व प्रधान नरेश ढांडा ने कहा कि बेटी के जन्म पर कुआं पूजन कर परिवार ने समाज को एक मजबूत संदेश दिया है। अगर बेटियों की परवरिश बेटों की तरह की जाए तो वे भी अपने माता-पिता और गांव का नाम रोशन कर सकती हैं। आज बेटियां खेल, शिक्षा और सेना तक में लड़कों से आगे निकल रही हैं। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं और बेटियों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बच्ची के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

0 टिप्पणियाँ