![]() |
| मां भगवती जागरण में हिस्सा लेते श्रद्धालुगण। Up to date |
माता रानी का भव्य जागरण आयोजित
करनाल। सीएचडी सिटी में माता रानी का भव्य जागरण आयोजित किया गया। जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां भगवती के चरणों में मत्था टेका और सुख-समृद्धि एवं आपसी भाईचारे की कामना की। आकर्षक ढंग से सजाए गए मंच पर भजन गायकों ने मां की महिमा का ऐसा बखान किया कि देर रात तक भक्त भक्ति रस में डूबे रहे। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी रमेश कादियान ने कहा कि मां भगवती की कृपा अनंत है। जो भी भक्त सच्चे मन से अरदास करता है, मां उसकी हर मनोकामना पूरी करती हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में एकता, समरसता और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाते हैं। ऐसे आयोजन सभी को जोड़ने का कार्य करते हैं और हमें अपनी संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं।
भक्तों के लिए भंडारे की विशेष व्यवस्था
माता रानी के जागरणों में आकर मन को जो शांति और शक्ति मिलती है, वह जीवन को सही दिशा देने में सहायक होती है। कादियान ने सभी श्रद्धालुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भक्तों के लिए भंडारे की विशेष व्यवस्था भी की गई, जिसमें प्रसाद ग्रहण कर सभी ने स्वयं को धन्य महसूस किया। इस अवसर पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

0 टिप्पणियाँ