HTET का नोटिफिकेशन जारी, इस बार ऐसे होगा एग्जाम, इस तिथि को होगी परीक्षा

जानकारी देते हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार।


भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा एचटेट-2025 (हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस संबंध में भिवानी में आयोजित पत्रकार वार्ता में बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि एचटेट परीक्षा के लिए आॅनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 4 जनवरी 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि सुधार के लिए 5 जनवरी तक करेक्शन का अवसर दिया जाएगा। बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के इतिहास में यह पहली बार है जब परीक्षा की अंतिम तिथि घोषित किए बिना ही आॅनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि, एचटेट परीक्षा के लिए 17 और 18 जनवरी 2025 को संभावित परीक्षा तिथियां तय की गई हैं। परीक्षा राज्य के हर जिले में आयोजित की जाएगी, जिससे अभ्यर्थियों को सुविधा मिलेगी।

डॉ. पवन कुमार ने स्पष्ट किया कि इस बार एचटेट परीक्षा शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षा को पूरी तरह नकल रहित और पारदर्शी बनाने के लिए हाईटेक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सिस्टम के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि एचटेट परीक्षा का परिणाम इस बार रिकॉर्ड समय में जारी किया जाएगा और परीक्षा के 21 दिनों के भीतर परिणाम घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है।

फीस विवरण:

एचटेट परीक्षा के लिए फीस का स्लैब इस प्रकार निर्धारित किया गया है—

एससी व दिव्यांग (पीएच) अभ्यर्थी:

  • जेबीटी: 500 रुपये
  • टीजीटी: 900 रुपये
  • पीजीटी: 1200 रुपये

जनरल व ओबीसी अभ्यर्थी:

  • जेबीटी: 1000 रुपये
  • टीजीटी: 1800 रुपये
  • पीजीटी: 2400 रुपये


हरियाणा डोमिसाइल न होने वाले अभ्यर्थी:

  • जेबीटी: 1000 रुपये
  • टीजीटी: 1800 रुपये
  • पीजीटी: 2400 रुपये

बोर्ड चेयरमैन ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी प्राप्त करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ