एक और वीर सपूत शहीद, राजकीय सम्मान के साथ शहीद जवान को अंतिम विदाई

 शहीद जवान को अंतिम विदाई, राजकीय सम्मान के साथ हुआ संस्कार

कैबिनेट मंत्री रणवीर सिंह गंगवा शहीद जोगिंदर कुंडू को श्रद्धांजलि देते हुए। up to date

हिसार। हिसार जिले के गांव मैय्यड निवासी 33 वर्षीय शहीद जवान जोगिंदर कुंडू को शुक्रवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। तिरंगे में लिपटे उनके पार्थिव शरीर को देख गांव से लेकर पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार के दौरान हर आंख नम थी और हर जुबान पर सिर्फ एक ही नारा गूंज रहा था जोगिंदर कुंडू अमर रहे। शहीद जवान के अंतिम संस्कार के दौरान सीआईएसएफ और पुलिस के जवानों द्वारा गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री रणवीर सिंह गंगवा ने शहीद को सलामी दी और शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

शहीद जोगिंदर कुंडू का फाइल फोटो।

 इसके अलावा जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठन और सैकड़ों ग्रामीण अंतिम यात्रा में शामिल हुए। गौरतलब है कि जोगिंदर कुंडू सितंबर 2017 से इंडियन रिजर्व बटालियन में सेवाएं दे रहे थे। वर्तमान में उनकी तैनाती अंडमान-निकोबार में थी। 23 दिसंबर को ड्यूटी के दौरान उनका आकस्मिक निधन हो गया। गुरुवार देर रात उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव मैय्यड पहुंचा, जहां पूरे गांव ने नम आंखों से अपने वीर सपूत का स्वागत किया। शहीद जोगिंदर कुंडू का पारिवारिक जीवन संघर्षों से भरा रहा। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। इसी वर्ष फरवरी 2025 में उनके भाई का भी देहांत हो गया था। परिवार में अब एक विवाहित बहन, पत्नी और एक साल का मासूम बेटा है, जिसे अभी अपने पिता की परछाईं भी ठीक से देखने का अवसर नहीं मिला। गांव मैय्यड के सरपंच ने बताया कि जोगिंदर कुंडू बेहद मेहनती, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ युवक थे। उन्होंने देश सेवा को अपना धर्म माना और कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए। गांव को अपने इस वीर सपूत पर गर्व है। अंतिम संस्कार के समय जब तिरंगे को शहीद की चिता से उतारा गया, तो पूरा माहौल भारत माता की जयऔर वीर जवान अमर रहे के नारों से गूंज उठा। गांव मैय्यड ने एक और वीर सपूत को खो दिया, लेकिन देश सेवा में दिया गया उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ