रोहतक। सुसाइड कर चुके एएसआई संदीप कुमार लाठर के मोबाइल फोन का लॉक खोलने के लिए इजराइल से विशेष सॉफ्टवेयर मंगाया गया है। रोहतक एसपी सुरेंद्र भौरिया ने संदीप के परिजनों को भरोसा दिलाया है कि बिना फैक्ट्री सेटिंग किए फोन का लॉक खोला जाएगा, ताकि मोबाइल में मौजूद अहम डाटा सुरक्षित रह सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फैक्ट्री रिसेट करने से फोन का पूरा डाटा खत्म हो जाता, इसलिए यह कदम नहीं उठाया गया। बीते सोमवार को संदीप के परिजन और खांप पंचायत के प्रतिनिधियों ने आईजी कार्यालय में आईजी सिमरदीप सिंह और एसपी सुरेंद्र भौरिया से मुलाकात की थी। इसी दौरान आईजी सिमरदीप सिंह ने संदीप की पत्नी संतोष और उनकी मां इंद्रावती को विभाग की ओर से जुटाई गई 54 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।up to date
गौरतलब है कि साइबर सेल में तैनात रहे एएसआई संदीप कुमार लाठर का शव पिछले वर्ष 14 अक्टूबर को उनके मामा के गांव लाड़ौत में खेत के एक कमरे से बरामद हुआ था। सुसाइड से पहले संदीप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मौके से पुलिस को पांच पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला था। वीडियो और सुसाइड नोट में संदीप ने विभागीय भ्रष्टाचार और एडीजी पूरण कुमार द्वारा एसपी के खिलाफ कार्रवाई का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद एएसआई की पत्नी संतोष ने सदर थाना में एडीजी पूरण कुमार की पत्नी आईएएस अमनीत कौर, उनके विधायक भाई अमित रतन, गनमैन सुशील कुमार और आईजी कार्यालय के एसआईएस सुनील कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। up to date
सुसाइड को अब दो माह 21 दिन बीत चुके हैं, लेकिन डीएसपी दलीप सिंह की अध्यक्षता में गठित एसआईटी अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। मामले में अभी तक चार्जशीट भी दाखिल नहीं की गई है, जिससे परिजनों में नाराजगी बनी हुई है। संदीप के ममेरे भाई संजय ने बताया कि सुसाइड के बाद डीजीपी स्तर से आर्थिक मदद का आह्वान किया गया था। इसके अलावा पुलिस कर्मियों ने सोशल मीडिया पर अलग से एक ग्रुप बनाकर करीब 10 लाख रुपये की राशि सीधे संदीप की पत्नी संतोष के खाते में जमा कराई। up to date
वहीं संदीप के चचेरे भाई भूप सिंह ने जानकारी दी कि सरकार की ओर से संदीप की पत्नी संतोष को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक के कैंपस में पीजीटी गणित के पद पर नौकरी दी गई है। विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें कॉल आ चुकी है, हालांकि अभी ईमेल प्राप्त नहीं हुआ है। संभावना है कि अगले सप्ताह मंगलवार या बुधवार को संतोष को ड्यूटी जॉइन कराई जा सकती है।up to date

0 टिप्पणियाँ