भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) द्वारा 17 व 18 जनवरी को आयोजित की जाने वाली हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) की तिथियों में बदलाव किया गया है। बोर्ड चेयरमैन डा. पवन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कड़ाके की सर्दी और अन्य प्रशासनिक कारणों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अब एचटेट परीक्षा जनवरी माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित किए जाने की पूरी संभावना है। बोर्ड चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि परीक्षार्थियों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। सभी अभ्यर्थी अपनी परीक्षा की तैयारी पहले की तरह जारी रखें, क्योंकि परीक्षा इसी माह आयोजित की जाएगी। नई तिथियों की घोषणा शीघ्र ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और माध्यमों से कर दी जाएगी। डॉ. पवन कुमार ने बताया कि इस बार एचटेट परीक्षा के लिए कुल 2 लाख 33 हजार परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी परीक्षा आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परीक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत एवं विश्वसनीय बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। परीक्षा की नई तिथियों की सूचना जल्द जारी की जाएगी, ताकि परीक्षार्थी समय रहते अपनी योजना बना सकें।
अफवाहों पर न दें ध्यान: चेयरमैन
आवेदन से संबंधित आंकड़ों की जानकारी देते हुए बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि इस बार लेवल-2 (TGT) के लिए सबसे अधिक परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है। इसके बाद पीजीटी का स्थान दूसरा है, जबकि लेवल-1 (PRT) के लिए सबसे कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह आंकड़े राज्य में शिक्षण पदों को लेकर अभ्यर्थियों की प्राथमिकताओं को दर्शाते हैं। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। सोशल मीडिया या अन्य गैर-प्रामाणिक स्रोतों से मिलने वाली भ्रामक जानकारी से दूर रहें।

0 टिप्पणियाँ