चौमूं। चौमूं शहर के थाना प्रभारी RPS प्रदीप शर्मा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत चौमूं विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया है। इस कदम के बाद वे चौमूं विधानसभा क्षेत्र के मतदाता बन जाएंगे, जिससे सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, प्रदीप शर्मा का नाम मूल रूप से वर्ष 2002 की मतदाता सूची में बीकानेर जिले में दर्ज था। हालांकि वर्तमान में उनका बीकानेर में कोई पारिवारिक सदस्य निवास नहीं करता, इसलिए उन्होंने चौमूं की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का निर्णय लिया। वे करीब ढाई साल से चौमूं में थाना प्रभारी के रूप में तैनात हैं।
थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि वे लोकतंत्र में पूर्ण विश्वास रखते हैं और एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि एसआईआर अभियान के दौरान व्यस्तता के कारण समय पर प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे, लेकिन अब निर्धारित अवधि में उन्होंने अपना आवेदन पूरी तरह से जमा कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि पदभार संभालने के कुछ समय बाद उनकी माता का निधन चौमूं में हुआ और उनका अंतिम संस्कार यहीं संपन्न हुआ, जिससे उनका चौमूं से स्थायी जुड़ाव बन गया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने चौमूं के थाना प्रभारी को लेकर चुनाव लड़ने संबंधी बयान दिया था। डोटासरा के इस बयान के बाद से ही प्रदीप शर्मा के राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। प्रदीप शर्मा का आवेदन स्वीकार होने के बाद वे आधिकारिक रूप से चौमूं के मतदाता के रूप में पंजीकृत हो जाएंगे। हाल ही में उन्हें फढर में प्रमोशन भी मिला है, जिसके बाद जनता और सहकर्मियों ने उनका स्वागत किया। वे अपनी कार्यशैली को लेकर चर्चित हैं और सोशल मीडिया पर उनके 50 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
कानून व्यवस्था के साथ-साथ प्रदीप शर्मा सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में भी सक्रिय रूप से भाग लेते हैं, जिससे उनकी लोकप्रियता क्षेत्र में लगातार बढ़ रही है।

0 टिप्पणियाँ