Sirsa Breaking News: सिरसा में नशा तस्कर हेरोइन के साथ गिरफ्तार


सिरसा। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरसा पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। जिला की सीआईए सिरसा पुलिस टीम ने गश्त के दौरान गांव फग्गु क्षेत्र से एक युवक को 7 ग्राम 01 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान गांव फग्गु क्षेत्र के पास एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। 

पुलिस वाहन को देखकर युवक अचानक मुड़कर खिसकने का प्रयास करने लगा, जिस पर शक होने पर पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 7 ग्राम 01 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान रामसिंह उर्फ गुरप्रीत पुत्र गुरुदेव सिंह निवासी गांव फग्गु जिला सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रोड़ी में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच थाना रोड़ी पुलिस को सौंपी गई है। 

सीआईए प्रभारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ कर हेरोइन तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम-पते जुटाए जाएंगे, ताकि उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके। सिरसा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ