Sirsa News : गुम मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद जगी: साइबर सेल ने लौटाए 23 चोरीशुदा फोन

एसपी दीपक सहारण गुम व चोरी हुए मोबाइल फोन उनके असल मालिकों को सौंपते हुए।
सिरसा। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के नेतृत्व में साइबर सेल सिरसा की पुलिस टीम ने दिसंबर माह के दौरान ट्रेस किए गए 23 गुम व चोरीशुदा मोबाइल फोन उनके असल मालिकों को सुरक्षित रूप से लौटाए। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। एसपी सहारण ने मोबाइल मालिकों को अपने कार्यालय में आमंत्रित कर उनसे मुलाकात की और नव वर्ष की शुभकामनाएं भी दीं।
 इस दौरान उन्होंने मोबाइल फोन सौंपते हुए कहा कि सिरसा पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पुलिस व नागरिकों के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आज के तकनीकी युग में साइबर सेल की टीम ने आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग और कड़ी मेहनत के बलबूते गुम व चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया है।

 एसपी ने साइबर सेल इंचार्ज सुनील कुमार और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने तकनीकी दक्षता, समन्वय और समर्पण के साथ यह सफलता हासिल की है। एसपी ने आम जनता से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाता है तो घबराने की जरूरत नहीं है। 
तुरंत संबंधित पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ट्रैक और ब्लॉक कराया जा सकता है, जिससे उसे वापस पाने की संभावना बढ़ जाती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ