Sirsa News : खाकी की ईमानदारी: सड़क पर मिला गुम मोबाइल मिनटों में पहुंचा असली मालिक तक


सिरसा। पुलिस अधीक्षक SP दीपक सहारन के नेतृत्व में Sirsa सिरसा पुलिस न केवल अपराध नियंत्रण में सक्रिय भूमिका निभा रही है, बल्कि ईमानदारी, संवेदनशीलता और सेवा भाव से भी आमजन का विश्वास जीत रही है। ऐसा ही एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है, जहाँ होमगार्ड जवान ने सड़क पर मिला गुम मोबाइल फोन उसके असली मालिक को लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की।

 यह घटना भगवान परशुराम चौक की है। यातायात थाना सिरसा से सब-इंस्पेक्टर हरफूल सिंह अपनी ड्यूटी टीम के साथ मौके पर तैनात थे। इसी दौरान होमगार्ड जवान नरेश की नजर सड़क पर गिरे एक महंगे स्मार्टफोन पर पड़ी। मोबाइल फोन स्विच आॅफ था, जिससे तत्काल उसके मालिक की पहचान संभव नहीं हो सकी। ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए होमगार्ड जवान नरेश ने पास की एक दुकान से मोबाइल को चार्ज करवाया। फोन आॅन होने के बाद कुछ ही देर में उस पर कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि यह मोबाइल उसका है, जो कुछ समय पहले गुम हो गया था।

 उसने अपना नाम रवि निवासी सिरसा बताया। मोबाइल मालिक रवि को भगवान परशुराम चौक बुलाया गया। सब-इंस्पेक्टर हरफूल सिंह की मौजूदगी में मोबाइल की पहचान की पुष्टि करने के बाद फोन सकुशल उसके मालिक को सौंप दिया गया। अपना मोबाइल वापस पाकर भावुक हुए रवि ने सिरसा पुलिस और होमगार्ड जवान नरेश की ईमानदारी व संवेदनशीलता की खुलकर प्रशंसा की।

 रवि ने कहा कि आज के समय में जहाँ लोग छोटी-सी चीज लौटाने से भी कतराते हैं, वहीं सिरसा पुलिस ने उसका पूरा भरोसा जीत लिया है। इस मौके पर सब-इंस्पेक्टर हरफूल सिंह के साथ होमगार्ड जवान नरेश और मंजीत भी मौजूद रहे। सिरसा पुलिस की यह सराहनीय पहल न केवल ईमानदारी का प्रतीक है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ