Sirsa News : जमाल के बस स्टैंड पर बना चौक बना हादसों का कारण, धुंध में स्कॉर्पियो और कार टकराईं

घुंध के कारण एक बार फिर इस चौक पर बड़ा हादसा up to date

नाथूसरी चौपटा (सिरसा)। सिरसा जिले के नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में लगातार पड़ रही घुंध अब जानलेवा साबित हो रही है। क्षेत्र के सबसे बड़े गांव जमाल के बस स्टैंड पर बना शहीद भगत सिंह चौक लोगों के लिए हादसों का सबब बनता जा रहा है। भट्टू–नोहर रोड और सिरसा–जमाल रोड के बीचो-बीच स्थित यह चौक पहले भी कई दुर्घटनाओं का गवाह बन चुका है, जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है और वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। up to date


बुधवार सुबह करीब 6 बजे घुंध के कारण एक बार फिर इस चौक पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पहले एक स्कॉर्पियो गाड़ी चौक से टकरा गई और कुछ ही देर बाद एक कार भी उसी चौक से जा टकराई। दोनों वाहनों की टक्कर से चौक की दीवारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, वहीं स्कॉर्पियो और कार को भी नुकसान पहुंचा। गनीमत यह रही कि दोनों वाहनों में सवार लोग सुरक्षित बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। up to date

 घुंध के समय यह चौक बिल्कुल दिखाई नहीं देता up to date


स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि घुंध के समय यह चौक बिल्कुल दिखाई नहीं देता। सड़क पर किसी तरह के स्पष्ट संकेतक, रिफ्लेक्टर या पर्याप्त लाइटिंग न होने के कारण वाहन चालक चौक को समय पर नहीं देख पाते और सीधा उससे टकरा जाते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि चौक का घेरा भी काफी छोटा है, जिससे तेज गति से आने वाले वाहन संतुलन नहीं बना पाते।


ग्रामीणों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 20 दिसंबर 2025 की रात को भी इसी चौक पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। घुंध के चलते गांव ढुकड़ा के तीन युवक मोटरसाइकिल सहित चौक से टकरा गए थे। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। up to date


जानकारी के अनुसार 20 दिसंबर की रात गांव ढुकड़ा निवासी 23 वर्षीय बिल्लू पुत्र राजपाल, 22 वर्षीय सुनील पुत्र भंवर सिंह और अजय पुत्र मंगलाराम मजदूरी का काम करते थे। तीनों युवक बाइक पर सवार होकर ढुकड़ा से जमाल की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे जमाल बस स्टैंड स्थित शहीद भगत सिंह चौक पर पहुंचे, घुंध के कारण बाइक अनियंत्रित होकर चौक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत एंबुलेंस से नाथूसरी चौपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बिल्लू और सुनील को मृत घोषित कर दिया, जबकि अजय की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।


लगातार हो रहे हादसों से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण यह चौक अब “मौत का चौक” बनता जा रहा है। खासतौर पर सर्दियों में घुंध के दौरान यहां से गुजरना बेहद खतरनाक हो जाता है। up to date


इस मामले में गांव जमाल के सरपंच प्रतिनिधि ओम प्रकाश डूडी ने कहा कि नोहर–भट्टू और सिरसा–जमाल रोड के बीच बने इस चौक पर आए दिन वाहन टकरा रहे हैं। हादसों में चौक भी क्षतिग्रस्त हो चुका है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि चौक का पुनर्निर्माण जल्द से जल्द यातायात नियमों के अनुसार कराया जाए, साथ ही यहां पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर और लाइटिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में हादसों पर रोक लगाई जा सके।


ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में और भी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ