Sucess Story : गांव से ग्लोबल मंच तक, दीक्षा का प्रो रेसलिंग लीग में चयन

प्रो रेसलिंग लीग में चयनित पहलवान दीक्षा।

अजीतपुर। Sports City खेल नगरी के नाम से मशहूर भिवानी जिले के गांव अजीतपुर की होनहार बेटी दीक्षा ने एक बार फिर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रतिभावान पहलवान दीक्षा का चयन आगामी प्रो रेसलिंग लीग (सीजन-5) और प्रतिष्ठित महाराष्ट्र केसरी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह लीग 15 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित होगी, जिसमें दीक्षा 76 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगी। उनके चयन की खबर मिलते ही गांव अजीतपुर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। करीब सात वर्षों के लंबे अंतराल के बाद प्रो रेसलिंग लीग का आयोजन दोबारा हो रहा है। ऐसे में इस लीग का हिस्सा बनना किसी भी पहलवान के करियर के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। दीक्षा का इस प्रतिष्ठित मंच पर चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह भिवानी की खेल परंपरा को भी नई मजबूती देता है। 

दीक्षा की इस सफलता पर उनके चाचा बिंद्र बोस ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि यह उपलब्धि वर्षों की कड़ी मेहनत, सख्त अनुशासन और खेल के प्रति अटूट समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दीक्षा ने कठिन परिस्थितियों में भी अभ्यास जारी रखा और कभी अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटी। उन्होंने यह भी बताया कि दीक्षा की तैयारी और तकनीकी निखार में उनके कोच मंदीप की अहम भूमिका रही है, जिनके मार्गदर्शन में दीक्षा ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन किया। 

2021 में रेसलिंग Wrestling की दुनिया में दीक्षा ने शुरू की थी जर्नी

यदि दीक्षा की खेल उपलब्धियों पर नजर डालें तो उनका रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 2021 में आॅल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में कांस्य पदक, 2021 और 2023 में खेलो इंडिया में कांस्य पदक, 2022 में जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में रजत पदक, 2023 में आल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक और सीनियर नेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके बाद 2024 में नेशनल प्रतियोगिता में रजत पदक और 2025 में आल इंडिया तथा आल इंडिया यूनिवर्सिटी में स्वर्ण पदक हासिल किए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दीक्षा ने देश का मान बढ़ाया है। 2025 में रांची में आयोजित अंडर-23 वर्ल्ड कप चैंपियनशिप में उन्होंने कांस्य पदक जीतकर भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसी वर्ष सीनियर नेशनल में स्वर्ण पदक हासिल कर उन्होंने अपने उत्कृष्ट फॉर्म को बरकरार रखा। अब प्रो रेसलिंग लीग में चयन उनके करियर की अगली बड़ी छलांग माना जा रहा है।

मां को बेटी की सफलता पर गर्व, पिता बोले बेटी ने सीना चौड़ा कर दिया

दीक्षा के पिता सुरेश कुमार और माता भानु प्रिया ने बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि दीक्षा ने एक बार फिर उनका सीना चौड़ा कर दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि दीक्षा प्रो रेसलिंग लीग में भी अपनी मेहनत और कौशल के दम पर शानदार प्रदर्शन करेंगी और देश का नाम ऊंचा करेंगी। गांव अजीतपुर में दीक्षा की सफलता को लेकर खासा उत्साह है। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों का मानना है कि दीक्षा आने वाले समय में और भी उपलब्धियां हासिल करेंगी और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी। भिवानी की धरती से निकली यह बेटी एक बार फिर साबित कर रही है कि लगन, मेहनत और सही मार्गदर्शन से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ