![]() |
| बॉर्डर 2 बॉक्स आॅफिस पर शानदार प्रदर्शन up to date |
सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म बॉर्डर 2 बॉक्स आॅफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन करती जा रही है। रिलीज होने के महज आठ दिनों के भीतर ही फिल्म ने भारत में 230 करोड़ रुपए से अधिक की नेट कमाई कर ली है, जबकि दुनियाभर में इसका कलेक्शन 322 करोड़ रुपए के पार पहुंच चुका है। फिल्म को ओपनिंग वीकेंड पर जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। हालांकि, वीकडेज में कमाई में हल्की गिरावट देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद फिल्म की रफ्तार लगातार मजबूत बनी हुई है। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, दूसरे शुक्रवार यानी आठवें दिन फिल्म ने भारत में करीब 11 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इससे पहले सातवें दिन फिल्म ने 11.25 करोड़ रुपए की कमाई की थी। इस तरह भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 235.25 करोड़ रुपए हो चुकी है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन ने छुआ नया मुकाम
अगर इस फिल्म की ग्लोबल कमाई की बात करें तो भारत से फिल्म की ग्रॉस कमाई करीब 281.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। वहीं, ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने लगभग 41 करोड़ रुपए कमाए हैं। इस तरह बॉर्डर 2 का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 322.5 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म दूसरे वीकेंड पर 350 करोड़ रुपए का आंकड़ा भी पार कर सकती है।
सनी देओल ने टीम के साथ मनाया जश्न
फिल्म की बड़ी सफलता के बाद सनी देओल ने इसका जश्न मनाया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मनाली स्थित एक होटल में अपनी पूरी टीम के साथ केक काटा। इस दौरान सनी देओल काफी खुश और भावुक नजर आए। केक पर बधाई हो बॉर्डर 2 लिखा हुआ था। टीम के एक सदस्य ने सनी देओल को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और दोनों ने गले मिलकर खुशी साझा की। जश्न के वीडियो में सनी देओल ने दर्शकों का धन्यवाद करते हुए फिल्म को मिल रहे प्यार के लिए आभार जताया। इससे पहले भी सनी देओल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर फैंस से कहा था कि उनकी आवाज लोगों के दिलों तक पहुंची है और इसके लिए उन्होंने सभी का शुक्रिया अदा किया।
फिल्म के बारे में
गौरतलब है कि बॉर्डर 2, साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म बॉर्डर का सीक्वल है। इस फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है, जबकि इसे भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने प्रोड्यूस किया है।

0 टिप्पणियाँ