![]() |
| पुलिस-जन संबंधों की एक नई मिसाल पेश की |
हनुमानगढ़। आमतौर पर सख्ती और अनुशासन की प्रतीक मानी जाने वाली खाकी वर्दी का एक बेहद संवेदनशील और मानवीय रूप उस समय देखने को मिला, जब हनुमानगढ़ पुलिस ने अपने ही कार्यालय में वर्षांे से कार्यरत सफाई कर्मचारी की पुत्री के विवाह में ‘भाई’ का फर्ज निभाते हुए मायरा भरा। इस भावनात्मक पहल ने समारोह को यादगार बना दिया और पुलिस-जन संबंधों की एक नई मिसाल पेश की।
वृताधिकारी मीनाक्षी एवं जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां के नेतृत्व में वृत्त कार्यालय तथा हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाना के समस्त स्टाफ ने अपने सहकर्मी सफाई कर्मचारी धीरज कुमार की पुत्री पूजा के विवाह समारोह में पहुंचकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मायरा भरने की रस्म अदा की। विवाह स्थल पर जब खाकी वर्दी पहने पुलिस अधिकारी और जवान पहुंचे, तो माहौल भावुक हो उठा। मायरे की रस्म के दौरान दुल्हन को चुनरी ओढ़ाई गई, नेग भेंट किया गया और गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। इस दौरान उपस्थित जनों ने पुलिसकर्मियों की इस आत्मीय पहल की सराहना की।
![]() |
| उपस्थित जनों ने पुलिसकर्मियों की इस आत्मीय पहल की सराहना की |
बेटी का विवाह पुलिस परिवार के लिए खुशी का पल
इस मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने कहा कि धीरज कुमार लंबे समय से कार्यालय परिवार का हिस्सा हैं। ऐसे में उनकी बेटी का विवाह केवल उनका निजी कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे पुलिस परिवार का उत्सव है। इस मौके पर सीओ सिटी मीनाक्षी लेघा, जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां, एएसआई कृष्ण कुमार सारस्वत, खेमराज, गायत्री, पुरुषोत्तम, हैड कांस्टेबल चंद्रभान, सुरेश, संदीप कूकणा, अमरचंद, दिलबाग, भागमल, पप्पूराम, भागीरथ, मेजरसिंह, कांस्टेबल भंवरलाल, कृष्णसिंह, योगेन्द्र, सुरेंद्र, सुभाष, संजीव, मलकीत, रेखा और अशोक सहित अनेक पुलिसकर्मी मौजूद रहे और सफाई कर्मचारी के परिवार को शुभकामनाएं दीं।
![]() |
| सफाई कर्मचारी के परिवार को शुभकामनाएं दीं |
कर्तव्य से बढ़कर संवेदनाओं का रिश्ता
अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और समाज का संबंध केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है। पुलिस बल समाज का अभिन्न अंग है और हर सुख-दुख में साथ निभाना उसकी सामाजिक जिम्मेदारी भी है। यह पहल इस बात का प्रमाण है कि खाकी वर्दी सख्ती के साथ-साथ संवेदनशीलता, सहयोग और मानवीय मूल्यों की भी प्रतीक है। जब पुलिस परिवार के रूप में आगे बढ़कर साथ खड़ी होती है, तो यह समाज में विश्वास, भाईचारे और समरसता की भावना को और मजबूत करती है।
कार्यालयों में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी एक परिवार का हिस्सा
![]() |
| पसी सम्मान, सहयोग और अपनत्व की भावना |
हनुमानगढ़ पुलिस की इस सराहनीय पहल ने यह संदेश दिया है कि सरकारी कार्यालयों में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी एक परिवार का हिस्सा होता है। आपसी सम्मान, सहयोग और अपनत्व की भावना ही किसी भी संस्था को मजबूत बनाती है। इस मानवीय कदम से न केवल धीरज कुमार के परिवार को संबल मिला, बल्कि समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि भी और सुदृढ़ हुई है। खाकी का यह मानवीय चेहरा लंबे समय तक लोगों के दिलों में याद रखा जाएगा।
हनुमानगढ़ पुलिस, मायरा रस्म, खाकी का मानवीय चेहरा, पुलिस परिवार, बेटी का विवाह, सामाजिक पहल, मानवीय उदाहरण, पुलिस-जन संबंध Hanumangarh Police, Police Human Gesture, Mayra Ceremony, Emotional Police Story, Rajasthan Police News, Social Initiative, Positive Police Image #HanumangarhPolice #KhakiHumanity #PoliceFamily #MayraRasam #PositiveNews #RajasthanNews #HumanityFirst #UpToDateNews




0 टिप्पणियाँ