![]() |
| हांसी में घर पर बिजली गिरने से बना गड्ढा up to |
हांसी। शहर में सुरेश डडल पार्क के निकट बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे अचानक मौसम खराब होने व बरसात के दौरान एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से हड़कंप मच गया। तेज गर्जना और कड़कती बिजली की भयानक आवाज के साथ घर में बने शौचालय की छत पर आ गिरी। मकान मालिक सुरेश कुमार ने बताया कि बिजली गिरते समय बहुत तेज धमाका हुआ और कुछ क्षणों के लिए पूरा घर कांप उठा।
इसके बाद करंट घर के अंदर फैल गया, जिससे इन्वर्टर, बिजली की फिटिंग, वायरिंग और अन्य विद्युत उपकरण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। उन्होंने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और घबरा के घरों से बाहर निकल आए। घटना के समय क्षेत्र में मौसम अचानक बदला था और तेज गरज के साथ बादल छाए हुए थे। गनीमत रही कि जिस समय बिजली गिरी, उस समय परिवार के सदस्य सुरक्षित स्थान पर थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
वहीं मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंची इमारतों और धातु संरचनाओं से दूर रहना चाहिए तथा बिजली उपकरणों को मुख्य स्विच से बंद कर देना चाहिए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं में नुकसान को कम किया जा सके।

0 टिप्पणियाँ