Sirsa Breaking News : सिरसा में प्रेमी ने प्रेमिका को मौत के घाट उतारकर खुद की जीवन लीला समाप्त

 


सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले में फौजी चौक के पास स्थित एक किराये के मकान में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती और युवक के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। प्रारंभिक जांच में युवती की हत्या कर युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों की पहचान रतिया निवासी सोनम और जींद निवासी सुनील के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।

किराये के मकान में  रह रही थी सोनम 

जानकारी के अनुसार सोनम पिछले करीब तीन माह से फौजी चौक के नजदीक एक मकान में किराये पर रह रही थी। वह ऑर्केस्ट्रा में काम करती थी और उसके साथ उसी मकान में कुछ अन्य युवतियां भी रहती थीं। बताया जा रहा है कि बीती रात जींद निवासी सुनील सोनम से मिलने के लिए वहां आया था। पड़ोसियों के अनुसार सुनील अक्सर सोनम से मिलने आता था और खुद को उसका रिश्तेदार बताता था।

सूत्रों का कहना है कि रात के समय किसी बात को लेकर सोनम और सुनील के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि सुनील ने कथित तौर पर सोनम का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद कमरे के गेट के पास दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ था।

मकान मालिक ने खोला दरवाजा 

सुबह जब मकान मालिक ने कमरे का दरवाजा खटखटाया और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उसे शक हुआ। इसके बाद उसने दरवाजा धक्का देकर खोला। अंदर का दृश्य देखकर वह सन्न रह गया। कमरे में चारपाई पर सोनम का शव पड़ा हुआ था, जबकि सुनील का शव गेट के पास फर्श पर मिला, जिसके गले में दुपट्टा फंसा हुआ था। मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

संबंधित थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के सिविल अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मकान में रह रही अन्य युवतियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मामला हत्या और आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ