Dial 112 Road Accident: ऐलनाबाद में पुलिस वाहन की टक्कर से 15 साल की किशोरी की मौत, पिता गंभीर



 ऐलनाबाद। ऐलनाबाद के खोसा स्टेडियम के सामने डायल 112 पुलिस वाहन की कथित लापरवाही से हुए सड़क हादसे में एक किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में किशोरी का छोटा भाई भी घायल हुआ है।

यह दुर्घटना 4 फरवरी 2026 की शाम करीब 5:45 बजे की है। वार्ड नंबर 16 बगीची मोहल्ला ऐलनाबाद निवासी राजकुमार (40), जो बिजली विभाग ऐलनाबाद में कर्मचारी हैं, अपने बच्चों अनुष्का (15) और कुनाल (12) के साथ मोटरसाइकिल पर बाजार से सामान लेकर खोसा स्टेडियम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे डायल 112 नंबर 628 के पुलिस वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी।


हादसे में राजकुमार और उनकी बेटी अनुष्का को गंभीर चोटें आईं, जबकि बेटे कुनाल के पैरों में चोटें लगीं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल ऐलनाबाद पहुंचाया गया, जहां से उन्हें सिरसा रेफर कर दिया गया। बाद में राजकुमार और अनुष्का की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हिसार के सर्वेश निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान किशोरी अनुष्का ने दम तोड़ दिया, जबकि राजकुमार की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। बेटे कुनाल का उपचार जारी है।


घटना को लेकर राजकुमार के पिता खेताराम (70), सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी, ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि डायल 112 वाहन चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने खेताराम के बयान के आधार पर थाना ऐलनाबाद में डायल 112 वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 324(4) के तहत मुकदमा नंबर 37 दिनांक 06.02.2026 दर्ज किया है।


पुलिस का कहना है कि शिकायत दर्ज होने के बाद किशोरी की मौत की जानकारी सामने आई है, इसलिए मामले में मौत से संबंधित धाराएं भी जोड़ी जाएंगी। मामले की जांच एएसआई विजय द्वारा की जा रही है

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ