हांसी में 77 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत की 3 विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास
![]() |
| मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हांसी में आयोजित विकास रैली में उपस्थितं जन को संबोधित करते हुए। up to date |
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को हांसी में आयोजित विकास रैली को संबोधित करते हुए हांसी को प्रदेश का 23वां जिला बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सप्ताह में इसका नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया जाएगा। जिसके बाद रेवेन्यू के नजरिए से भी हांसी जिला बन जायेगा। रैली में उपस्थित भारी भीड़ ने हांसी को जिला बनाने की घोषणा पर जोरदार नारे लगाकर मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने हांसी में 77 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत की 3 विकास परियोजना का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वीरों की भूमि तथा कभी हिंदुस्तान की दहलीज के रूप में विख्यात और देश के लिए मर-मिटने वाले देशभक्तों को जन्म देने वाली हांसी की पावन भूमि को वो नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि सन् 1857 में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हांसी के लोगों न महान बलिदान दिए थे। यहां की लाल सड़क अंग्रेजों द्वारा किये गए नरसंहार की साक्षी है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हांसी क्षेत्र के विकास में सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। 11 वर्षों के कार्यकाल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले 11 सालों में हांसी विधानसभा क्षेत्र में 1 हजार 8 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्य करवाए हैं। जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में केवल 253 करोड़ रुपये की लागत के ही काम हुए थे। इस मौके पर हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा, सावित्री जिंदल, कपूर सिंह वाल्मीकि, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, अनूप धानक, महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, हिसार मेयर प्रवीण पोपली, जिप चैयरमेन सोनू सिहाग, पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. डीपी वत्स सहित गणमान्य मौजूद रहे।
![]() |
| मुख्यमंत्री को गदा देकर सम्मानित करते विधायक विनोद भयाना। up to date |
संकल्प पत्र के 54 वायदे पूरे किए
सीएम नायब सैनी ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों के अपने संकल्प-पत्र के 217 में से 54 वादों को एक साल में ही डबल इंजन की सरकार ने पूरा कर दिखाया है। यही नहीं, 163 वादों पर काम प्रगति पर है। यह एक वर्ष का समय भले ही कम है, लेकिन सरकार ने जिस नॉन-स्टाप विकास का संकल्प लिया था, उसकी सिद्धि में यह एक वर्ष विकास की तिगुणी गति का साक्षी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल में भी प्रदेश के सर्वांगीण विकास और हर वर्ग के हितों की सुरक्षा के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के बारे में कहा कि सरकार द्वारा योजना के तहत 2100 रुपये की वितीय सहायता दी जा रही है। अब तक दो किस्तों में 7 लाख से अधिक बहन-बेटियों को 258 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। इसी प्रकार, गरीब महिलाओं को अपनी रसोई चलाने के लिए सरकार द्वारा हर महीने केवल 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। यह लाभ प्रदेश के लगभग 14 लाख 70 हजार परिवारों को मिल रहा है।
![]() |
| मुख्यमंत्री नायब सैनी हांसी में बरवाला ब्रांच से नहरी पानी के प्रबंधन का शिलान्यासा करते हुए उनके साथ में मौजूद हैं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा और विधायक विनोद भयाना। up to date |
कांग्रेस किसानों का 269 करोड़ का मुआवजा बकाया छोड़ गई
मुख्यमंत्री ने किसान हित का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार किसानों की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कर रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 लाख 64 हजार करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं। फसल खराब होने पर गत 11 सालों में किसानों को मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अब तक 15 हजार 448 करोड़ रुपये की राशि दी गई है। जबकि कांग्रेस सरकार के 10 साल के शासनकाल में 1 हजार 138 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि जारी की गई थी। कांग्रेस सरकार किसानों की 269 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि बकाया छोड़कर चली गई थी, जिसे बीजेपी सरकार ने 2014 में जनसेवा का दायित्व संभालने के बाद 2015 में जारी किया था। इतना ही नहीं, बीजेपी सरकार ने अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे आबियाने को जड़ से खत्म किया है। उन्होंने कहा कि सोनीपत से मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का दूसरा चरण शुरू किया है।
पीएम आवास योजना के तहत दिया 1 लाख 45 हजार मकान
सरकार का लक्ष्य इसके माध्यम से गरीब से गरीब परिवार की वार्षिक आय कम से कम 1 लाख 80 हजार रुपये करना है। साथ ही सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 200 रुपये बढ़ोतरी करके इसे 3,200 रुपये मासिक किया है। वहीं, पिछड़ा वर्ग की क्रीमिलेयर आय सीमा को 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों के सिर पर छत उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 लाख 56 हजार मकान दिये गये हैं। गरीब परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 14 शहरों में 15 हजार 765 गरीब परिवारों को प्लॉट दिए हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत ग्राम पंचायतों में 12 हजार 31 प्लॉट दिए हैं। अब धन के अभाव में कोई भी गरीब इलाज से वंचित नहीं रहता। आयुष्मान भारत-चिरायु योजना में 25 लाख 39 हजार मरीजों का 4,126 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज किया गया है।
![]() |
| हांसी में आयोजित विकास रैली में उपस्थित जन का अभिवादन करते मुख्यमंत्री। up to date |
प्रदेश सरकार कर रही तेजी से काम - रणबीर गंगवा
कार्यक्रम में अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर क्षेत्र का तेजी से विकास कर रही है। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने हर वर्ग को ध्यान में रखकर नीतियां बनाई और उसका परिणाम है कि लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार हरियाणा में बनी है। गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की न केवल हरियाणा प्रदेश अपितु पड़ोसी राज्यों में भी एक अलग पहचान बनी है और चुनावों के दौरान मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों में जहां-जहां जनसभाएं की वहां हमारी पार्टी विजयी हुई है।
हांसी को जिला बनाकर दी सौगात: विधायक विनोद भ्याना
रैली के संयोजक व हांसी के विधायक श्री विनोद भ्याना ने मंच से मुख्यमंत्री के समक्ष हांसी के विकास कार्यों की कई मांगें रखीं, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया। श्री विनोद भ्याना ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश को विकास के मामले में गति दी है। उन्होंने हांसी को जिला बनाने की मांग स्वीकार किये जाने पर इसे बड़ी सौगात बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया।
![]() |
| हांसी में 33 केवीए सब स्टेशन, ढंढेरी का उद्घाटन करते मुख्यमंत्री व साथ में मौजूद रणबीर गंगवा और विधायक भयाना। up to date |
56 दिन की सरकार ने जीता भरोसा: मोहनलाल कौशिक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मोहनलाल कौशिक ने कहा कि हरियाणा में जब मुख्यमंत्री के तौर पर श्री नायब सिंह सैनी ने पदभार संभाला था, तब मात्र अपने 56 दिन के कार्यकाल में ही उन्होंने जनता के दिल जीता था, उसी का परिणाम है कि प्रदेश की जनता ने भारी जनादेश के साथ श्री नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा का मौका दिया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए नीतियां बनाते हुए सरकार जनता के हित के लिए काम कर रही है। इस अवसर पर विधायक श्री रामकुमार गौतम, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, हरियाणा बीजेपी प्रभारी श्री सतीश पूनिया ने भी विकास रैली को संबोधित किया।





0 टिप्पणियाँ