होटल में जल के जवान की संदिग्ध मौत, कमरे का लॉक तोड़कर निकाला शव

 जल सेना के 25 वर्षीय जवान की संदिग्ध मौत

नौसेना के जवान को एंबुलेंस के द्वारा पोस्टमार्टम के लिए लेकर जाते स्वास्थ्यकर्मी


रेवाड़ी Rewari । रेवाड़ी में एक होटल के कमरे में जल सेना के 25 वर्षीय जवान की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। देर तक दरवाजा न खुलने पर होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कमरे का लॉक तोड़कर अंदर जाकर देखा तो जवान का शव बाथरूम में मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान अटेली क्षेत्र के गांव गढ़ी रुठल जिला महेंद्रगढ़ निवासी हितेश के रूप में हुई है, जो करीब छह साल से भारतीय नौसेना में तैनात था। 


केरल में पोस्टेड था जवान 

जानकारी के अनुसार वह वर्तमान में केरल में पोस्टेड था और करीब 25 दिन की छुट्‌टी पर घर आया हुआ था। छुट्‌टी पूरी होने के बाद वह ड्यूटी पर लौटने के लिए रेवाड़ी पहुंचा, लेकिन बस या ट्रेन न मिलने के कारण रात में अंबेडकर चौक स्थित एक होटल में रुक गया। बावल डीएसपी सुरेंद्र श्योराण के मुताबिक हितेश ने बीती रात करीब साढ़े तीन बजे होटल में कमरा लिया था। सुबह 11 बजे तक कमरा खाली करना था, लेकिन निर्धारित समय तक दरवाजा नहीं खुला। कर्मचारियों ने कई बार आवाज लगाई, मगर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मॉडल टाउन थाना पुलिस व उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां जवान का शव बाथरूम में मिला। 


 प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है

डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, जबकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया गया है कि हितेश की शादी इसी वर्ष फरवरी माह में हुई थी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ