गांव खेड़ी में दूषित पेयजल सप्लाई बनी जी का जंजाल

जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा खोदे गए गढ़ों में अक्सर खड़ा रहता है पानी

चोपटा। खंड के गांव खेड़ी में ग्रामीणों को दूषित पेयजल पीना पड़ रहा है। जिससे गांव में जल जनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। ग्रामीण हरदत पूनिया, राजू ने बताया कि करीब 25 दिन पहले जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा टूटी हुई पाइपों को ठीक करने के लिए दो गड्ढे खोदे गए थे और पाइपों को सही से ठीक नहीं किया गया और गड्ढे ज्यों के त्यों पड़े हैं। अब उनमें पानी खड़ा रहता है। 

गड्ढों में भरा पानी दिखाता ग्रामीण व गड्ढे में भरा पानी। up to date


जब पानी सप्लाई होती है तो गड्ढों का गंदा पानी पाइपों के जरिए घरों तक पहुंच रहा है। जिससे करीब 50 घरों में पीने का दूषित पानी सप्लाई हो रहा है। इन्होंने बताया कि कई बार जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को समस्या से अवगत करवाया गया लेकिन हर बार सामान नहीं होने का बहाना बनाकर टरका दिया जाता है। आसपास के घरों में गंदगी मिला पानी सप्लाई होने के कारण लोग अक्सर बीमार रहने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जन स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की वजह से दूषित पानी पीना पड़ रहा है। इन्होंने मांग की है कि जल्दी ही इन पाइपों को ठीक करके इन गड्ढों को भर जाए। इनका कहना है कि इन गढ़ों में किसी के गिरने की भी संभावना रहती है। 

जरूरी सामान उपलब्ध करवाकर जल्द भरेंगे गड्ढे

गांव खेड़ी में पाइपों को ठीक करने के लिए खोदे गए गड्ढों की उन्हें सूचना मिली है और अब जरूरी का सामान मुहैया करवा कर पाइपों को ठीक कर दिया जाएगा। गड्ढों को जल्द भर दिया जाएगा 

-- अश्वनी कुमार जेई जन स्वास्थ्य विभाग

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ