![]() |
| नहर में गिरी कार को बाहर निकालते ग्रामीण |
जाखल। जाखल क्षेत्र में बुधवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार कार भाखड़ा नहर में जा गिरी। हादसा उस समय हुआ जब कार टोहाना की ओर से आकर गांव चांदपुरा की तरफ जा रही थी। घग्घर सायफन पार करने के बाद चांदपुरा की ओर मुड़ते समय चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार नहर के किनारे लगी सुरक्षा ग्रिल को तोड़ते हुए सीधे भाखड़ा नहर में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की गति काफी तेज थी। हादसे के कुछ ही पलों में कार नहर में डूब गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को अवगत कराया। लगभग एक घंटे बाद जाखल नहर तहसीलदार रसविंदर दुहन और जाखल बीडीपीओ बलजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचा प्रशासनिक अमला
सूचना पर जाखल थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश कुमार, म्योंद चौकी प्रभारी और टोहाना थाना प्रभारी शादी राम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने गोताखोरों की टीम को बुलाया, लेकिन नहर में तेज बहाव होने के कारण राहत कार्यों में कठिनाई आ रही थी। इसी बीच गांव चांदपुरा के सैकड़ों ग्रामीणों ने अपने स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। गांव के 5 से 6 गोताखोरों ने नहर में छलांग लगाई और रस्सियों से कांटा बांधकर तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मारुति सुजुकी कंपनी की कार को नहर से बाहर निकाला गया। कार में केवल एक ही व्यक्ति सवार था।
पुलिस कर रही हादसे के कारणों की जांच
जाखल थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि कार का नंबर एचआर51ए01655 है। कार में सवार व्यक्ति की पहचान असलम पुत्र चिरागदीन, निवासी समैन (टोहाना) के रूप में हुई है। ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ