Haryana News : शटर तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, नकदी व सामान बरामद



सिरसा। जिला की शहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रानियां रोड स्थित एक दुकान में शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा नकदी व अन्य सामान भी बरामद कर लिया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए शहर थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि दुकान मालिक दिनेश पुत्र हरफुल, निवासी सीकर (राजस्थान), हाल निवासी प्रेम नगर सिरसा ने थाना शहर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 5 जनवरी की रात अज्ञात युवकों ने उसकी दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां से 5 कट्टे चावल, 2 कट्टे दाल तथा करीब 3 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना शहर सिरसा में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रानियां रोड क्षेत्र से दो आरोपियों को काबू किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी कुमार पुत्र जीत लाल, निवासी विशाली बिहार जिला तुर्की, हाल निवासी कंगनपुर रोड भारत नगर सिरसा तथा अक्षय पुत्र नंद कुमार, निवासी वार्ड नंबर 27 जेजे कॉलोनी सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरीशुदा सामान व नकदी बरामद कर ली है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी सन्नी कुमार ने शहर सिरसा में चोरी की एक अन्य वारदात को अंजाम देना भी कबूल किया है, जबकि आरोपी अक्षय का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। अन्य चोरी की वारदातों का खुलासा होने की भी संभावना है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ