चंडीगढ़। हरियाणा में बढ़ती ठंड और घने कोहरे को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी सरकारी व निजी स्कूलों की शीतकालीन छुट्टियां बढ़ाने का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग के आदेशानुसार अब स्कूल 17 जनवरी 2026 (शनिवार) तक बंद रहेंगे, जबकि 19 जनवरी 2026 (सोमवार) से कक्षाएं सामान्य रूप से शुरू होंगी।
पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में सर्दी का प्रकोप बढ़ा हुआ है। ठंडी हवाओं और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बुधवार को हिसार में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कई डिग्री कम है। ग्रामीण इलाकों और मैदानी क्षेत्रों में ठंड का असर अधिक देखने को मिल रहा है।
इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए पंचकूला स्थित विद्यालय शिक्षा निदेशालय के महानिदेशक की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। पत्र के माध्यम से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और स्कूल मुखियों को निर्देश दिए गए हैं कि 17 जनवरी तक स्कूल बंद रखे जाएं और 19 जनवरी से शिक्षण कार्य पुनः आरंभ किया जाए।
प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए छूट
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि छुट्टियों के दौरान सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य बोर्डों के नियमों के अनुसार कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए स्कूल बुलाया जा सकता है। इस दौरान स्कूलों को सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
सरकार के इस फैसले से अभिभावकों और शिक्षकों ने राहत जताई है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय समय पर और आवश्यक है। शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

0 टिप्पणियाँ