बरवाली। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर गांव नेठराना स्थित श्रीराम सागर गौशाला परिसर में भव्य भगवान शिव जागरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। धार्मिक माहौल में देर रात तक भजन-कीर्तन गूंजते रहे और श्रद्धालु भक्तिभाव में डूबे नजर आए। कार्यक्रम में नेठराना सहित आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
गौशाला अध्यक्ष सुमेरसिंह राठौड़ एवं पूर्व अध्यक्ष भगतराम बेनीवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी विशेष जागरण का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र से गौशाला को निरंतर सहयोग मिलता है, जिससे गौसेवा के कार्य सुचारू रूप से चल रहे हैं। ग्रामीणों की आस्था और सहयोग से ही ऐसे धार्मिक कार्यक्रम सफल हो पाते हैं।
जागरण के दौरान स्थानीय भजन मंडली द्वारा भगवान शिव के भजनों की प्रस्तुति दी गई। “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने रातभर जागकर शिव भक्ति का आनंद लिया। विशेष पूजा-अर्चना और आरती के बाद सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
अगले दिन विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। ग्रामीणों ने सेवा भाव से भोजन वितरण में सहयोग दिया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने मिलकर व्यवस्था संभाली, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
फ्री जल सेवा समिति नेठराना के अध्यक्ष पृथ्वीराज चाहर ने बताया कि इस आयोजन में गांव के अनेक समाजसेवियों और दानदाताओं ने सहयोग दिया। उन्होंने विशेष रूप से कप्तान मीनू बेनीवाल (तरकांवाली) का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से गौशाला की व्यवस्थाओं को मजबूत करने में मदद मिली है।
गौशाला प्रबंधन समिति ने सभी सहयोगियों, श्रद्धालुओं और ग्रामवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। महाशिवरात्रि के इस आयोजन ने गांव में धार्मिक एकता, सामाजिक समरसता और सेवा भावना का संदेश दिया।
इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर क्षेत्र में खुशी और संतोष का माहौल देखने को मिला।

0 टिप्पणियाँ