Haryana News : हिसार में फिल्मी अंदाज में एनकाउंटर! 35 केसों का गैंगस्टर पवन उर्फ मूसा घायल, PSI की जैकेट ने बचाई जान..!

 पुलिस टीम घायल आरोपी के संग 

सीआईए बदमाश मुठभेड़ में 35 आपराधिक मामलों में वांछित अपराधी पवन गिरफ्तार 

हिसार। हिसार में सीआईए पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर पवन उर्फ मूसा के बीच शुक्रवार रात मुठभेड़ हो गई। एनकाउंटर के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल अवस्था में उसे सिविल अस्पताल हिसार में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार पवन पर लूट, धोखाधड़ी और हथियारों से जुड़े करीब 35 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह खुद को गुरुग्राम साइबर क्राइम का अधिकारी बताकर वारदातों को अंजाम देता था और कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था। बताया गया है कि उसे चिट्टे के नशे की भी लत है और शुक्रवार रात वह नशे की तलाश में घूम रहा था। सीआईए को सूचना मिली कि मूसा एनएच-52 के पीरा वाली गांव के पास किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। इसके बाद सीआईए ने दो टीमों का गठन कर पुल बगला रोड के पास घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली पीएसआई नवीन कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट के चेस्ट साइड पर लगी, हालांकि वे बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली मूसा के पैर में लगी और उसे काबू कर लिया गया। कर्मजीत ने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल और कई कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मूसा अक्तूबर में हिसार के सेक्टर-14 और बरवाला क्षेत्र में हुई लूट की वारदातों में भी शामिल था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ