![]() |
| मैच में अगर बारिश ने खलल नहीं डाला तो यह काफी दिलचस्प होगा। |
कोलंबो (श्रीलंका)। आधुनिक टी20 क्रिकेट में डेटा की भूमिका काफी अह्म होती है और इसी वजह से मैच-अप (एक टीम के खिलाड़ी विशेष का दूसरे टीम के खिलाड़ी विशेष से मुकाबला) को शीर्ष अंतरराष्ट्रीय टीमों के कोचिंग स्टाफ की चर्चा में अह्म स्थान प्राप्त होता है। गौतम गंभीर और माइक हेसन दोनों के लिए उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर ’मैच-अप’ पर फोकस करना बहुत महत्वपूर्ण होगा। भारत-पाक मुकाबलों की कमी के कारण ज्यादा डेटा नहीं है। मैच में अगर बारिश ने खलल नहीं डाला तो यह काफी दिलचस्प होगा।
फरहान बनाम बुमराह
पिछली बार जब ये दोनों आमने-सामने आए थे तब फरहान दो छक्के लगाकर बुमराह पर भारी पड़े थे और ऐसे चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों में शामिल हो गए जिन्होंने एक ही टी20 अंतरराष्ट्रीय में बुमराह को दो छक्के मारे। फरहान ने इस प्रदर्शन का जिक्र भी किया था। नामीबिया के खिलाफ बुमराह को पावरप्ले में नहीं गेंदबाजी करने का मौका मिला, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ गंभीर की रणनीति देखने में रोचक होगी। आंकड़े बताते हैं कि फरहान ने तीन मैचों में बुमराह की 34 गेंदों का सामना किया और बिना आउट हुए 51 रन बनाए।
बाबर बनाम कुलदीप
कुलदीप यादव ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में बाबर आजम को कभी गेंदबाजी नहीं की है, लेकिन वनडे में उन्होंने पाकिस्तान के इस बल्लेबाज को तीन मैचों में आउट किया। बाबर ने कुलदीप के खिलाफ 52 गेंदों में सिर्फ 28 रन बनाए है। कुलदीप का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है। एशिया कप टी20 में भी जब बाबर टीम में नहीं थे। उन्होंने तीन मैचों में पाकिस्तान के आठ विकेट लिए, जिनमें फाइनल में चार विकेट शामिल थे। कुलदीप बनाम बाबर मुकाबला देखने के लिए गंभीर को अर्शदीप सिंह की जगह इस कलाई के खब्बू स्पिनर को को एकादश में शामिल करना होगा।
हार्दिक बनाम तारिक
अगर किसी भारतीय बल्लेबाज के पास उस्मान तारिक की ‘स्टॉप एंड स्लिंग एक्शन’ की रहस्य को तोड़ने का सबसे अच्छा मौका है, तो वह हार्दिक पंड्या हैं। यह देखने में मजा आएगा कि सलमान अली आगा तारिक का उपयोग कैसे करते हैं, खासकर सातवें से 16वें ओवर में जब इस मैच-अप के मुकाबले के अवसर ज्यादा होंगे। तारिक का क्रीज पर रुकना बल्लेबाज की योजना बिगाड़ सकता है, लेकिन पंड्या की बैक-लिफ्ट, मजबूत कोर और बड़े शॉट के लिए समान बल्ले की गति बनाने की क्षमता उन्हें फायदा देती है। पंड्या आम तौर पर गेंद फेंके जाने के बाद ही प्रतिक्रिया देते है।
ईशान बनाम अफरीदी
अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में ईशान किशन शाहीन शाह अफरीदी के खिलाफ अपने स्ट्रोक की रेंज के साथ धावा बोल सकते हैं। वहीं, यह देखना रोमांचक होगा कि अफरीदी शॉर्ट-बॉल का प्रभावी इस्तेमाल कैसे करते हैं, क्योंकि किशन बहुत लंबे नहीं हैं। किशन का उसका जवाब देना काफी रोचक होगा।
दुबे बनाम अबरार, शादाब
स्पिनरों और खासकर कलाई के स्पिनरों के खिलाफ शिवम दुबे का रिकॉर्ड शानदार रहा है। बाएं हाथ के इस लंबे कद के बल्लेबाज का स्पिनरों के खिलाफ स्ट्राइक रेट 193 से अधिक का रहा है। ईश सोढ़ी जैसे दाएं हाथ के लेग स्पिनर के खिलाफ भी दुबे ने हाल ही में टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला में कड़ा प्रहार किया है। पाकिस्तान के अबरार अहमद और शादाब अहमद के खिलाफ दुबे अपने बड़े शॉट को आजमाने से पीछे नहीं हटेंगे।
टी20 वर्ल्ड कप: भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 8 मैच
टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 8 मैच खेले गए हैं, जिसमें मेन इन ब्लू का पलड़ा भारी रहा है। टीम इंडिया ने 7 मुकाबले अपने नाम किए हैं, जबकि पाकिस्तान को साल 2021 में इकलौती जीत मिली थी। भारत ने आर प्रेमदासा स्टेडियम में साल 2009 से अब तक 15 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें 11 जीते और सिर्फ 4 मुकाबलों में हार मिली। बता दें कि अगर मुकाबला बेनतीजा रहा तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा। ग्रुप स्टेज मुकाबलों के लिए रिजर्व डे नहीं रहता है, इसलिए अगर 15 फरवरी को मैच नहीं हो सका तो इसे बेनतीजा ही माना जाएगा।
15 फरवरी को कोलंबो का मौसम
- रात 12 से सुबह 3 बजे 10%
- सुबह 3 से सुबह 6 बजे 10%
- सुबह 6 से सुबह 9 बजे 20%
- सुबह 9 से दोपहर 12 बजे 60%
- दोपहर 12 से दोपहर 3 बजे 50%
- दोपहर 3 से शाम 6 बजे 35%
- शाम 6 से रात 9 बजे 20%
- रात 9 से रात 12 बजे 10%
* अनुमान गूगल वेदर वेबसाइट के अनुसार

0 टिप्पणियाँ