![]() |
| दुर्घटनाग्रस्त बस और पिकअप वाहन।up to date |
ओढ़ां। गांव तारुआना के समीप रोड़ी रोड पर सोमवार सुबह घनी धुंध के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निजी स्कूल की एक बस और सामने से आ रही पिकअप गाड़ी की आमने–सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ वाली सीट पर बैठा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के समय बस में 26 स्कूली बच्चे सवार थे, जो चालक की सूझबूझ और समय पर ब्रेक लगाने की वजह से सभी सुरक्षित बच गए। up to date
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार सुबह क्षेत्र में घनी धुंध छाई हुई थी, जिससे सड़क पर दृश्यता बेहद कम थी। इसी कारण वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहनों का सही अंदाजा नहीं लग पा रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों वाहन गांव तारुआना के नजदीक पहुंचे, ओवरटेक करने के प्रयास में बस और पिकअप की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। up to date
हादसे के तुरंत बाद बस में बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। बच्चे डर के कारण सहम गए। बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित रखा, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और अभिभावक मौके की ओर दौड़ पड़े। अपने बच्चों को सुरक्षित देखकर अभिभावकों की जान में जान आई, हालांकि कुछ समय तक मौके पर तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। up to date
मृतक की पहचान 52 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजू, निवासी गांव हमजापुर (रतिया) के रूप में हुई है। वहीं पिकअप में उसके साथ बैठा 27 वर्षीय मग्घर सिंह, निवासी हमजापुर, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सूचना के बाद मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। up to date
परिजनों ने बताया कि राजकुमार और मग्घर सिंह दोनों गांव–गांव जाकर फेरी लगाकर किसानों से फसल खरीदने का काम करते थे। सोमवार सुबह भी वे इसी काम से निकले थे, लेकिन धुंध के कारण यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कालांवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और यातायात को कुछ समय के लिए नियंत्रित किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। थाना प्रभारी पीएसआई सुनील कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और जांच के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। up to date
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि धुंध के मौसम में सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

0 टिप्पणियाँ