वडोदरा (एजेंसी) – भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले वनडे में रविवार को कोटाम्बी स्टेडियम में क्रिकेट की जबरदस्त टक्कर होगी। दोपहर 1.30 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले में भारत अपने घरेलू मैदान की ताकत दिखाने उतरेगा। पिछली वनडे शृंखला में भारत ने न्यूजीलैंड को 3-0 से हराया था और दोनों टीमों के बीच पिछले पांच वनडे मैचों में भी भारत को जीत का झंडा फहराया है।
भारतीय टीम इस मैच में कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में उतरेगी। टीम के लिए सबसे बड़ी उम्मीदें बल्लेबाजी में विराट कोहली और रोहित शर्मा की शानदार लय से जुड़ी हैं। दोनों खिलाड़ियों को हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी के लीग मैचों में अच्छा अभ्यास मिला है, जिससे वे वनडे शृंखला में अपना प्रभाव दिखाने को तैयार हैं।
टी20 विश्वकप के दृष्टिगत इस वनडे शृंखला का महत्व थोड़ा कम हो सकता है, लेकिन अगले सात दिनों में होने वाले तीन मैचों में कोहली और रोहित की रणनीति और प्रदर्शन अहम रहेगा। टीम में यशस्वी जायसवाल का शीर्ष क्रम से बाहर होना और श्रेयस अय्यर का चौथे नंबर पर वापसी करना देखने लायक रहेगा। यह बदलाव बल्लेबाजी क्रम में स्थिरता लाने के उद्देश्य से किया गया है।
न्यूजीलैंड की टीम युवा खिलाड़ियों से भरी हुई है, जिसमें डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स टॉप ऑर्डर में अहम भूमिका निभाएंगे। मिडिल ऑर्डर में डेरिल मिशेल अहम खिलाड़ी होंगे। गेंदबाजी में काइल जैमीसन लीड करेंगे, जबकि जैक फाउल्क्स और माइकल रे उनका समर्थन करेंगे। ग्लेन फिलिप्स बैटिंग और फील्डिंग दोनों में टीम को जोश देंगे।
टीमें इस प्रकार हैं:
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेट कीपर), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह
न्यूजीलैंड: माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, विल यंग, डेरिल मिशेल, निक केली, मिच हे (विकेट कीपर), ग्लेन फिलिप्स, काइल जैमीसन, जैक फाउल्केस, माइकल रे, जेडन लेनोक्स, क्रिस्टियन क्लार्क, आदित्य अशोक, जोश क्लार्कसन
इस पहले वनडे में दर्शकों की निगाहें खासकर कोहली और रोहित की बल्लेबाजी पर टिकी रहेंगी, जबकि न्यूजीलैंड युवा टीम अपने प्रदर्शन से भारत को चुनौती देने को तैयार है।

0 टिप्पणियाँ